रतलाम बनेगा “संपूर्ण सुकन्या जिला”बीमा निवेश, सुकन्या महोत्सव एवं व्यवसाय समीक्षा बैठक सम्पन्न
सवांददाता
रतलाम संभाग में डाकघर की विभिन्न योजनाओं के प्रचार-प्रसार और वित्तीय वर्ष 2025-26 की व्यवसाय समीक्षा के अंतर्गत 19 फरवरी 2026 को “बीमा निवेश एवं सुकन्या महोत्सव” का आयोजन होटल अजंता पैलेस में किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल श्री विनीत माथुर मुख्य अतिथि रहे।
इस अवसर पर उन्होंने “रतलाम बनेगा संपूर्ण सुकन्या जिला” अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य जिले की प्रत्येक बालिका का सुकन्या समृद्धि योजना के अंतर्गत खाता खोलकर रतलाम को पूर्ण सुकन्या जिला बनाना है। महोत्सव के माध्यम से 10 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के खाते खोले जाएंगे, जिससे उनकी उच्च शिक्षा और विवाह हेतु आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।फरवरी 2026 (1 से 19 फरवरी) के दौरान रतलाम संभाग ने उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कीं। इस अवधि में डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा के अंतर्गत ₹37,89,715/- का प्रीमियम अर्जित किया गया तथा बचत बैंक के 10,170 नए खाते खोले गए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सहायक निदेशक श्री एस.के. पांडे, अधीक्षक डाकघर रतलाम श्री राजेश कुमावत, उप संभागीय निरीक्षकगण, कर्मचारीगण एवं ग्रामीण डाक सेवक उपस्थित रहे।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने रतलाम प्रधान डाकघर के अंतर्गत शाखा डाकघरों की वार्षिक समीक्षा भी की और ग्रामीण डाक सेवकों को बचत बैंक, बीमा, घरेलू एवं अंतर्राष्ट्रीय डाक बुकिंग, पार्सल सेवा और नागरिक-केंद्रित सेवाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम का संचालन श्री निरंजन गिरी ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री प्रेमराज मीणा, सहायक अधीक्षक डाकघर रतलाम ने किया।



















