महाअष्टमी पर माताजी पूजन के साथ बालिकाओं का सम्मान, शिक्षा और संस्कार पर दिया गया जोर
सवांददाता
रतलाम। चैत्र नवरात्रि की महाअष्टमी के पावन अवसर पर भेविन माइंड स्कूल के सौजन्य से ग्राम पंचेड़ में कन्या पूजन एवं तुलसी पौधे वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संस्कार ऋषि पंडित दिनेश जी व्यास (घटवास) द्वारा माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके पश्चात गुरु पूजन एवं कन्या पूजन सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में स्कूल डायरेक्टर श्रीमती अलका श्रीनिवास सिंह एवं एकेडमी हेड श्रीमती डॉली भटनागर ने कन्याओं का पूजन कर उन्हें तुलसी के पौधे भेंट किए। कन्या पूजन के उपरांत बालक-बालिकाओं को स्वल्पाहार एवं उपहार भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए एकेडमी हेड श्रीमती डॉली भटनागर ने अपने उद्बोधन में कहा कि हम किसान हैं और कड़ी धूप में मेहनत करते हैं ताकि हमारे बच्चे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अर्थ केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि समय पर सही निर्णय लेने की समझ विकसित करना है। सही शिक्षा के माध्यम से हर बच्चा ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने विद्यालय की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि यहां बच्चों को स्वच्छ, सुंदर एवं अनुशासित वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है।
इस अवसर पर ग्राम पंचेड़ के श्री शिवनारायण जी, श्री दिनेश जाट (मंडल अध्यक्ष), श्री नारायण जाट, श्री कृपाराम गोड़ा, श्री नारायण सिंह, श्री गजेंद्र जी, श्री राधेश्याम चौधरी (मंदिर समिति सचिव), श्री मोहन चौधरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों ने आयोजन की सराहना करते हुए विद्यालय के इस प्रयास को संस्कार एवं शिक्षा के समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उक्त जानकारी भेविन माइंड स्कूल की डायरेक्टर श्रीमती अलका श्रीनिवास सिंह द्वारा दी गई।
























