शहर के वयोवृद्ध प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. प्रदीप बी. कोठारी (74) को इस वर्ष डायबिटीज इंडिया द्वारा “फेलोशिप” के लिए चयनित किया गया है।
सवांददाता
रतलाम। गुलमोहर कॉलोनी निवासी शहर के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. प्रदीप बी. कोठारी (74) को इस वर्ष ‘डायबिटीज इंडिया’ द्वारा फेलोशिप सम्मान के लिए चयनित किया गया है। यह गौरव उन्हें मधुमेह रोगियों की सतत सेवा, जनजागरूकता अभियान और चिकित्सा क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है।
डॉ. कोठारी लंबे समय से रतलाम एवं आसपास के क्षेत्रों में मधुमेह रोगियों को विशेषज्ञ परामर्श और उपचार उपलब्ध कराते रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अनेक स्वास्थ्य शिविरों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला।
चिकित्सा क्षेत्र में उनकी सहजता, सौम्यता और सेवा-भावना ने उन्हें मरीजों के बीच विशेष विश्वास का स्थान दिलाया है। डायबिटीज इंडिया द्वारा फेलोशिप हेतु चयन उनके समर्पित कार्यों की औपचारिक मान्यता के रूप में देखा जा रहा है।
इस उपलब्धि पर शहर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों और चिकित्सा समुदाय ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।'














