स्वास्थ्य के लिए एकजुट — विज्ञान के साथ खड़े रहें' थीम के साथ रतलाम मंडल में मनाया गया विश्व स्वास्थ्य दिवस
सवांददाता
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर मंडल चिकित्सालय,
रतलाम में 'स्वास्थ्य के लिए एकजुट — विज्ञान के साथ खड़े रहें' थीम पर
एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों
एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे अपने जीवन में
स्वास्थ्य संबंधी वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाएँगे तथा समाज में भी इसके
प्रति जागरूकता का व्यापक प्रसार करेंगे।
पश्चिम रेलवे, रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मंडल चिकित्सालय रतलाम द्वारा समय-समय
पर स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाते
हैं। इसी क्रम में विश्वय स्वा्स्य्कत दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार बैन ने उपस्थितजनों को संबोधित
करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सही एवं प्रमाणित जानकारी, संतुलित
आहार, नियमित व्यायाम तथा समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श ही अच्छे
स्वास्थ्य की सुदृढ़ आधारशिला हैं।
उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे इन स्वस्थ आदतों को अपने दैनिक जीवन
में अपनाकर एक संतुलित एवं सशक्त जीवनशैली की दिशा में अग्रसर हों।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि समाज में व्याप्त अंधविश्वास एवं
भ्रांतियाँ स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती प्रस्तुत करती हैं, जिनसे बचाव
हेतु वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. बैन ने आगे कहा कि एक जागरूक नागरिक के रूप में हम सभी का यह कर्तव्य
है कि हम न केवल स्वयं सही एवं वैज्ञानिक जानकारी को अपनाएँ, बल्कि समाज
में फैली गलत धारणाओं का खंडन करते हुए विज्ञान-आधारित सोच को बढ़ावा
दें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने “स्वस्थ
जीवन के लिए विज्ञान अपनाएँ, अंधविश्वास को दूर भगाएँ” का उद्घोष करते
हुए यह संकल्प लिया कि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ अन्य लोगों
को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।























