जनसुनवाई में 94 आवेदन पर हुई सुनवाई
सवांददाता
कलेक्टर कार्यालय में आज मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव ने आवेदको को सुना एवं आवेदकों से आवेदन प्राप्त किये। जनसुनवाई में 94 आवेदन प्राप्त हुए। निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही उपस्थित विभागीय अधिकारियों से निराकरण करवाया गया एवं शेष आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में आवेदक शांति लाल पिता मोहन निवासी ग्राम कसारी हरोड ने उनके मकान के ऊपर से गुजरने वाले विद्युत लाईन के तार को ऊंचा करने के लिए आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु अधीक्षण यंत्री मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कम्पनी को निर्देशित किया गया। आवेदिका हेमलता धाकड़ निवासी ग्राम अम्बोदिया ने आवेदन दिया कि उन्होंने अप्रैल 2026 में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी साइकिलिंग प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल तथा 2025 में गोल्ड मेडल प्राप्त किया है और वे पिछले तीन वर्षों से मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। रोड साइकिलिंग और साइकिल उपकरण हेतु आर्थिक सहायता के लिए आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु जिला खेल अधिकारी को निर्देशित किया गया।
जनसुनवाई में आवेदिका सीताबाई पति किशन निवासी खेतलपुर ने आवेदन दिया कि उन्होने मकान के पट्टे का नामांतरण करने के लिए संबंधित विभाग में आवेदन दिया था परन्तु आज दिनांक तक नामांतरण नही हो पाया है। कार्यवाही हेतु आयुक्त नगर निगम को निर्देशित किया।
आवेदक पन्नालाल पिता कचरू निवासी ग्राम सिमलावदा ने आवेदन दिया कि प्रधानमंत्री कृषक सूर्य योजना हेतु 2019 में ऑनलाइन आवेदन कर आवश्यक धरोहर राशि जमा की गई थीं। परंतु आवेदन में जमा राशि प्रदर्शित नही होने के कारण आज दिनांक तक उक्त योजना का लाभ नही मिल पाया है। कार्यवाही हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया।




















