लोकोमोटिव केयर सेंटर, रतलाम ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 59वां स्थापना दिवस
सवांददाता
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल स्थित लोकोमोटिव केयर सेंटर (एलसीसी), रतलाम का 59वां स्थापना दिवस उत्साह, उमंग और पारिवारिक सौहार्द के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रेलकर्मियों और उनके परिवारों के लिए खेलकूद, सांस्कृतिक तथा मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत साइकिल रैली से हुई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया। कर्मचारियों के लिए वॉलीबॉल, टेबल टेनिस जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं महिला कर्मचारियों के लिए चेयर रेस और अन्य खेल रखे गए। बच्चों के लिए टॉय ट्रेन, मिकी माउस शो और ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पूरे परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया गया और विभिन्न सेक्शनों द्वारा ज्ञानवर्धक प्रदर्शनियां लगाई गईं।
सांस्कृतिक संध्या में नृत्य, गायन, वादन, कविता पाठ और हास्य नाटक की प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के बच्चों को सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री रजनीश कुमार गोयल और विशेष अतिथि मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवार उपस्थित रहे।
एलसीसी रतलाम की स्थापना 1 मई 1967 को डीजल लोको शेड के रूप में हुई थी, जिसे 2021 में लोकोमोटिव केयर सेंटर नाम दिया गया। वर्तमान में यहां 149 विद्युत और 46 डीजल लोकोमोटिव का अनुरक्षण किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में केंद्र ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं—एसी लोकोमोटिव के मेजर शेड्यूल में वृद्धि करते हुए 61 लोको का मेंटेनेंस किया गया, शेड आउटेज प्रदर्शन लक्ष्य से बेहतर रहा और मुख्य लाइन लोकोमोटिव विफलताओं में कमी दर्ज की गई।30 दिसंबर 2025 को एलसीसी रतलाम को सीआईआई द्वारा “सिल्वर रेटिंग” से सम्मानित किया गया, जो ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन और अपशिष्ट प्रबंधन में उत्कृष्ट प्रयासों की मान्यता है।
विशेष अतिथि श्री अश्वनी कुमार ने प्रेरणादायक कविताओं के माध्यम से कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया और भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने में रेलकर्मियों की भूमिका पर बल दिया। वहीं मुख्य अतिथि श्री रजनीश कुमार गोयल ने आधुनिक तकनीक, डिजिटलीकरण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सुरक्षित और तनावमुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की बात कही।






















