जिला स्तरीय लाडली लक्ष्मी उत्सव कार्यक्रम का आयोजन
सवांददाता
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री रामनिवास बुधौलिया के मार्गदर्शन में 2 मई को कलेक्ट्रेट सभागृह में लाड़ली लक्ष्मी दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अक्षिता पालीवाल और लक्ष्मी खानीवाल को आमंत्रित किया गया, जो स्वयं लाड़ली लक्ष्मी योजना की लाभार्थी बालिकाएँ हैं। दोनों ने कक्षा 12वीं में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में दसवाँ स्थान हासिल किया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं और उनकी माताओं द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके बाद सहायक संचालक श्रीमती भारती डांगी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। बालिकाओं ने प्रेरणादायी उद्बोधन दिया और जानवी बाहेती, भूवी व्यास तथा मनाली आते ने महिला सशक्तिकरण पर गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। तत्पश्चात लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को आश्वासन प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा कक्षा 12वीं में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण बालिकाओं को शील्ड देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का संचालन लाड़ली बालिका जाह्नवी बाहेती ने किया और आभार प्रदर्शन परियोजना अधिकारी श्रीमती चेतना गहलोत द्वारा किया गया। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्रीमती अर्चना माहौर, रतलाम शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र की सभी सेक्टर सुपरवाइज़र, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा लाड़ली बालिकाएँ उपस्थित रहीं।






















