सकुशल घर लौटे शर्मा जी – गोविंद काकानी का सराहनीय प्रयास
सवांददाता
मलाड, मुंबई निवासी 85 वर्षीय शंकरलाल शर्मा जी बिना बताए प्रातः 4:30 बजे घर से निकलकर रेलवे स्टेशन पहुंचे और बांद्रा–गोरखपुर ट्रेन में सवार हो गए। परिवार को उनकी जानकारी न होने से वे चिंतित होकर पूरे शहर में खोजबीन करने लगे और पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई।
ट्रेन में सफर के दौरान सामने बैठे यात्री ने बातचीत में जाना कि शर्मा जी अकेले यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने परिवार का मोबाइल नंबर लेकर संपर्क किया और स्थिति से अवगत कराया। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ परिवार के सदस्य एवं समाजसेवी गोविंद काकानी ने रेलवे पुलिस बल (RPF), जीआरपी और रेलवे विभाग से संपर्क कर रतलाम स्टेशन पर ही उन्हें सुरक्षित उतारने की व्यवस्था की।काकानी जी स्वयं स्टेशन पहुंचे और ट्रेन आते ही शर्मा जी को जीआरपी थाने ले जाकर परिवार को सूचना दी। परिवार के अनुरोध पर उन्हें जावरा भेजा गया, जहाँ अरुण शर्मा के परिवार ने उन्हें अपने साथ सुरक्षित घर पहुँचाया।
शंकरलाल शर्मा जी, जो पूर्व में भौतिक शास्त्र के शिक्षक रहे हैं, ने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद वे परिवार के साथ रहते हैं। उनके पोत्र अभिषेक शर्मा ने भी मोबाइल पर आश्वस्त किया कि वे कार से जावरा पहुँचने वाले हैं।
मंगलवार को दादा जी के सकुशल घर लौटने पर परिवार ने गोविंद काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन, जीआरपी, आरपीएफ, रेलवे स्टेशन अधीक्षक एवं रेलवे स्टाफ का हृदय से आभार व्यक्त किया।




















