जर्जर भवनों को चिन्हित कर डीस्मेंटल की कार्यवाही सुनिश्चित करें – समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक संपन्न
सवांददाता
कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपार्जन व्यवस्था, सीएम हेल्पलाइन, समयावधि पत्र, समाधान पोर्टल, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, समग्र ई-केवाईसी तथा अन्य विषयों पर विभागवार समीक्षा की गई और विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग प्रमुख सीएम हेल्पलाइन एवं समयावधि पत्रों का समाधानकारी निराकरण कर जवाब पोर्टल पर दर्ज करें। उन्होंने नगरीय निकायों के सीएमओ एवं जनपद पंचायतों के सीईओ को निर्देशित किया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जाएं। तालाबों पर यदि कहीं अतिक्रमण है तो राजस्व अधिकारी उसे हटवाएं। किसानों को कृषि ऋण में लक्ष्य अनुसार उपलब्धि सुनिश्चित करने हेतु सहकारी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए गए तथा कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं सहकारिता विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने के लिए कहा गया।लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत पदाभिहीत अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समय सीमा से बाहर प्रकरणों पर नियमानुसार आर्थिक दंड अधिरोपित करने की बात कही गई। शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम कमिश्नर एवं सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देशित किया गया। शासकीय भूमि एवं भवनों के नामांतरण की कार्यवाही प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए। समग्र ई-केवाईसी हेतु ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर वार्डवार शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभागों के जर्जर भवनों को चिन्हित कर डीस्मेंटल करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को विशेष रूप से जर्जर स्कूल भवनों को वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व प्राथमिकता से हटाने के लिए कहा गया। ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जर्जर आवासीय भवनों के चिन्हांकन एवं डीस्मेंटल की कार्यवाही भी संबंधित अधिकारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।




















