जैव विविधता समिति की बैठक सम्पन्न, संरक्षण पर विशेष बल
सवांददाता
रतलाम, 7 मई। महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देशानुसार निगम आयुक्त अनिल भाना की उपस्थिति में जैव विविधता प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में क्षेत्र की विलुप्तप्राय प्रजातियों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
निर्णय लिया गया कि कल्पवृक्ष सहित अन्य दुर्लभ प्रजातियों के संरक्षण हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिक पौधारोपण किया जाएगा, वृक्षों की सुरक्षा के लिए ट्री-गार्ड लगाए जाएंगे तथा सभी वृक्षों का सर्वे कर व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। समिति के सदस्य वार्ड स्तर पर भ्रमण कर विभिन्न प्रजातियों की स्थिति का आकलन करेंगे और आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।
बैठक में यह भी तय हुआ कि निगम सीमा में स्थित कल्पवृक्षों का संरक्षण किया जाएगा। उनकी जानकारी प्रदर्शित करने हेतु सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि नागरिकों को जागरूक किया जा सके। बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए हरित क्षेत्र का विस्तार करने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया, जिससे पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सके।इस अवसर पर समिति अध्यक्ष खुशाल सिंह पुरोहित, सचिव नरेश सकलेचा, सदस्य विशाल वर्मा, संजय शंकर दवे, उद्यान प्रभारी अनिल पारा, निरीक्षक अनिल धाकड़ तथा उपयंत्री मनीष तिवारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने प्रस्तावित कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया।



















