आईटीआई रतलाम में सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर साइबर जागरूकता कार्यशाला
सवांददाता
रतलाम, 11 फरवरी – विश्व स्तर पर प्रतिवर्ष फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को मनाए जाने वाले सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर इस वर्ष की थीम “स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प, एआई का सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग” पर शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रतलाम में साइबर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
इस कार्यशाला का संचालन जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी) रतलाम श्री श्रेय भावसार द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जिम्मेदार और सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में आईटीआई प्राचार्य श्री यू. पी. अहिरवार सहित संस्थान के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को एआई से जुड़े संभावित साइबर खतरे, साइबर स्वच्छता उपाय, फिशिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डीपफेक, साइबर बुलिंग, ओटीपी एवं यूपीआई फ्रॉड, पासवर्ड सुरक्षा, सोशल मीडिया सावधानियां तथा डिजिटल फुटप्रिंट जैसे विषयों पर सरल उदाहरणों के माध्यम से जानकारी दी गई।साथ ही, उन्हें यह भी बताया गया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को सुरक्षित, जिम्मेदार और जागरूक डिजिटल नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई।

















