लू से बचाव के लिए एडवाइजरी
सवांददाता
तेज़ी से बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष सिंह ने नागरिकों को लू से बचाव के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।
डॉ. सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद ज़रूरी है, चाहे प्यास लगे या न लगे। यात्रा के दौरान पानी साथ रखें और ओआरएस का उपयोग करें। नींबू पानी, छाछ, लस्सी और फलों के रस में थोड़ा नमक मिलाकर पीना लाभकारी होगा।
उन्होंने कहा कि मौसमी फल और सब्जियां जैसे तरबूज, खरबूजा, संतरा, अंगूर, अनानास, ककड़ी, खीरा और सलाद पत्ता का सेवन करें। कपड़ों के मामले में ढीले, सूती और हल्के रंग के वस्त्र पहनें। धूप में निकलते समय सिर को टोपी, छाता या कपड़े से ढकें और पैरों में जूते या चप्पल अवश्य पहनें।एडवाइजरी में नागरिकों को सलाह दी गई है कि दिन में खिड़कियां और पर्दे बंद रखें तथा रात में ठंडी हवा आने दें। बाहरी गतिविधियां सुबह और शाम तक सीमित रखें और दोपहर 12 से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचें। खाना पकाने की जगह को हवादार रखें।
डॉ. सिंह ने चेतावनी दी कि शराब, चाय, कॉफी और अधिक चीनी वाले कोल्ड ड्रिंक से बचें क्योंकि ये शरीर से तरल पदार्थ कम करते हैं। बासी भोजन और अधिक प्रोटीन वाले आहार से भी परहेज़ करें। बच्चों और पालतू जानवरों को खड़ी गाड़ी में न छोड़ें क्योंकि वाहन का तापमान खतरनाक स्तर तक बढ़ सकता है।
उन्होंने बताया कि चक्कर आना, बेहोशी, अत्यधिक प्यास, मतली, उल्टी, सिरदर्द, पेशाब कम होना या गहरे पीले रंग का होना लू के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में तुरंत ठंडी जगह पर आराम करें, ओआरएस पिएं और आवश्यकता पड़ने पर नज़दीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराएं।
यह एडवाइजरी नागरिकों को गर्मी के मौसम में सुरक्षित रहने और लू से बचाव के लिए जारी की गई है।




















