कलेक्टर ने कालूखेड़ा उपार्जन केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया
सवांददाता
रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया जारी है। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा उपार्जन केंद्रों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में उन्होंने सेवा सहकारी समिति कालूखेड़ा उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तौल कांटों का सत्यापन कराया, ऑनलाइन प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा मॉइश्चर मशीन से गेहूं की नमी की जांच करवाई। उन्होंने किसानों से संवाद कर उपार्जन प्रक्रिया, उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं के समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए। गर्मी को ध्यान में रखते हुए केंद्र पर ठंडा पेयजल, ओआरएस पैकेट और छाया की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों की संख्या को देखते हुए तौल कांटों और हम्मालों की संख्या बढ़ाने के लिए भी कहा।इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कार्यालय कालूखेड़ा का निरीक्षण कर समग्र ई-केवाईसी और 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने की कार्यवाही की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य लक्ष्य अनुसार तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम जावरा श्री सुनील जयसवाल, सीईओ जनपद श्री रामस्वरूप हंस, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आनंद गोले, तहसीलदार श्री दानगढ़ सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।























