कलेक्टर कार्यालय उज्जैन में रेलवे एवं प्रशासन की बैठक सम्पन्न
सवांददाता
रतलाम, 21 फरवरी – सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल व्यापक स्तर पर कार्य कर रहा है। मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन में राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की अहम भूमिका को ध्यान में रखते हुए नियमित रूप से समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इसी क्रम में 21 फरवरी 2026 को उज्जैन स्थित कलेक्टर कार्यालय में रेलवे अधिकारियों और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही उन विकास परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई जिनमें रेलवे और स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय आवश्यक है।बैठक में कमिश्नर उज्जैन संभाग श्री आशीष सिंह, कलेक्टर उज्जैन श्री रौशन कुमार सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) एवं मेला अधिकारी (रेलवे) श्री के. एल. मीना, मंडल इंजीनियर (दक्षिण) श्री महेंद्र सिंह जाटव सहित रेलवे और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सिंहस्थ के दौरान यात्रियों की सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
रेलवे और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से सिंहस्थ 2028 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां चरणबद्ध रूप से आगे बढ़ाई जा रही हैं।



















