शहरी गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न
सवांददाता
रतलाम, 27 फरवरी। महापौर प्रहलाद पटेल के निर्देशानुसार नगर निगम की शहरी गरीबी उपशमन प्रकोष्ठ सलाहकार समिति की बैठक समिति प्रभारी श्रीमती अनिता कटारा की अध्यक्षता में समिति कक्ष में आयोजित हुई।
बैठक में बताया गया कि पीएम स्वनिधि पुनर्गठित योजना के अंतर्गत अब हितग्राही 10 हजार की जगह 15 हजार, 20 हजार की जगह 25 हजार तथा 50 हजार तक के ऋण आवेदन कर रहे हैं। 50 हजार के आवेदकों द्वारा क्रेडिट कार्ड हेतु भी आवेदन प्रस्तुत किए जा रहे हैं और सभी श्रेणियों में लक्ष्य प्राप्त हो रहा है। इसके अतिरिक्त समूह की महिलाएँ अमृत मित्र योजना के तहत जल परीक्षण और पौधारोपण का कार्य कर रही हैं।
समिति सदस्य रणजीत टांक ने सुझाव दिया कि एपीएल वर्ग के असहाय वृद्ध नागरिकों को भी वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिया जाए। बैठक में कार्यशील समूहों के कार्य का निरीक्षण कर उनके मनोबल को बढ़ाने और उन्हें अपने कार्य में निरंतर प्रगति हेतु प्रेरित करने की अनुशंसा भी की गई।बैठक में समिति प्रभारी श्रीमती अनिता कटारा के साथ सदस्य धर्मेन्द्र रांका, रणजीत टांक, करण कैथवास, श्रीमती देवश्री पुरोहित, श्रीमती संगीता सोनी, श्रीमती आशा रावत, श्रीमती मिनाक्षी सेन तथा समिति सचिव श्रीमती राजश्री गुमास्ते उपस्थित रहे।














