महापौर ने किया हनुमान ताल का निरीक्षण सौन्दर्यीकरण व जीर्णोद्धार कार्यों हेतु दिए निर्देश
सवांददाता
रतलाम, 09 मई। महापौर प्रहलाद पटेल ने भाजपा जिला कोषाध्यक्ष पवन सोमानी और राकेश मिश्रा के साथ 4.82 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे हनुमान ताल सौन्दर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने धार्मिक घाट (100×100) के निर्माण, पूजन सामग्री विसर्जन हेतु गंगा कुंड की स्थापना तथा निर्माणाधीन रामसेतु मार्ग की लंबाई 100 से बढ़ाकर 150 मीटर करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को सुबह-शाम भ्रमण में सुविधा मिल सके। उन्होंने घाट और पाथवे का नामकरण क्रमशः ‘गंगा कुंड’ और ‘श्री रामसेतु’ करने की कार्यवाही भी उपयंत्री ब्रजेश कुश्वाह को सौंपी।
महापौर ने यह भी कहा कि रामसेतु मार्ग के दूसरी ओर छायादार वृक्षों का रोपण किया जाए, जिससे नागरिकों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिले तथा “स्वच्छ रतलाम–हरित रतलाम” का सपना साकार हो सके।सौन्दर्यीकरण और जीर्णोद्धार कार्यों में बोल्डर पिचिंग, टो-वाल, रेलिंग, पाथवे, इको-फ्रेंडली डी-सिल्टिंग, सीवरेज जल को तालाब में जाने से रोकने की व्यवस्था और पानी निकासी स्थलों की मरम्मत शामिल है।















