रतलाम जिले में आगामी त्यौहारों को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न
सवांददाता
जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक शनिवार को नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में महाशिवरात्रि, होली, धुरेंडी, रंग पंचमी, शीतला सप्तमी, गुड़ी पड़वा, चेती चांद, ईद-उल-फितर, रामनवमी, महावीर जयंती और ईद जैसे आगामी त्यौहारों को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए आवश्यक निर्णय लिए गए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासकीय मंदिरों में साफ-सफाई और पुताई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मंदिर समितियों के साथ एसडीएम और एसडीओपी बैठक आयोजित करें। मंदिरों में चढ़ावा दान पात्र में ही जाए और आसपास की सड़कों पर पीडब्ल्यूडी द्वारा पैचवर्क कराया जाए। कार्यक्रमों के दौरान यातायात सुचारू रहे, पार्किंग व्यवस्थित हो, लाउडस्पीकर का उपयोग निर्धारित सीमा तक ही किया जाए और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। साथ ही महिलाओं और आमजन के लिए शौचालय की व्यवस्था तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थलों पर स्वास्थ्य सेवकों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए।पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने बताया कि इस बार अधिक महिला बल की ड्यूटी लगाई जाएगी और महिला पुलिस स्कूटी टीम चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर निगरानी रखेगी। जुलूस एवं चल समारोह निकालने के लिए आयोजकों को समय पर अनुमति आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में समिति सदस्यों से सुझाव लिए गए और संबंधित अधिकारियों को तदनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडिशनल एसपी श्री विवेक कुमार, महापौर श्री प्रहलाद पटेल, जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लाला बाई शंभू लाल चन्द्रवंशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
















