महापौर प्रहलाद पटेल ने किया बरबड़ हनुमान मेला क्षेत्र का निरीक्षण, मेले में होंगे नए आयोजन
सवांददाता
रतलाम, 24 मार्च। नगर निगम द्वारा 29 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित होने वाले पांच दिवसीय बरबड़ हनुमान मेले की तैयारियों का निरीक्षण महापौर प्रहलाद पटेल ने किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महापौर ने बताया कि इस बार मेले को भव्य स्वरूप देने के लिए नवाचार किए जा रहे हैं। 29 और 30 मार्च को चंटिया रास का आयोजन होगा, जिसमें विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
31 मार्च को बरबड़ हनुमान मंदिर से संयुक्त अखाड़ा निकाला जाएगा। इसमें विभिन्न अखाड़ों के पहलवान शस्त्रकला का प्रदर्शन करेंगे। उल्लेखनीय है कि 1970 के बाद पहली बार संयुक्त अखाड़ा निकाला जा रहा है। रथ पर विराजमान हनुमानजी की झांकियां, बैण्ड-बाजे और ढ़ोल के साथ चल समारोह निकलेगा। इसके बाद अखाड़ा संचालक और उस्तादों का सम्मान किया जाएगा।मेले के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 31 मार्च को हनुमानजी पर आधारित भक्ति संध्या, 1 अप्रैल को स्टैंडअप कॉमेडी और लाइव आर्केस्ट्रा, तथा 2 अप्रैल को कवि सम्मेलन शाम 7:30 बजे से आयोजित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने रंगाई-पुताई, मैदान समतलीकरण, विद्युत सज्जा, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेट्स और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा जिला कोशाध्यक्ष पवन सोमानी, मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, समिति प्रभारी धर्मेन्द्र व्यास सहित निगम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





















