रतलाम में विकास को मिली नई गति: 82 आंगनवाड़ी व 11 विद्यालय भवन स्वीकृत, सांसद ने जताया आभार
सवांददाता
रतलाम जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 82 आंगनवाड़ी भवन एवं 11 विद्यालय भवनों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सांसद अनिता चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। साथ ही, आंगनवाड़ी भवनों की स्वीकृति हेतु महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया तथा विद्यालय भवनों की स्वीकृति के लिए जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह का भी आभार व्यक्त किया।
सांसद श्रीमती चौहान ने कहा कि इन भवनों के निर्माण से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं पोषण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। विशेष रूप से आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण से छोटे बच्चों और माताओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण मिलेगा, वहीं विद्यालय भवनों के निर्माण से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु बेहतर अधोसंरचना प्राप्त होगी।
सांसद ने आगे कहा कि यह स्वीकृति जिले के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी और आने वाले समय में शिक्षा एवं महिला-बाल कल्याण के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनहितकारी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से आमजन का जीवन स्तर लगातार बेहतर हो रहा है।
मंत्री सांसद हेल्पलाइन प्रभारी एवं विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता ने बताया कि स्थानीय विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा समय समय पर प्रवास के दौरान की गई मांगो के अनुरूप सांसद श्रीमती अनिता चौहान द्वारा इन विकासकार्य के लिए पत्राचार किया था, साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा भी शासन स्तर पर पत्राचार किए गए थे। जिसके फलस्वरूप जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जारी आदेश अनुसार 9 हाई स्कूल भवन स्वीकृति किए गए। जिसमें शासकीय हाई स्कूल भामट (वि.ख. सैलाना), मकोडियारूंडी (वि.ख. सैलाना), ठिकरिया (वि.ख. बाजना), भुणगा सहलोद का टापरा (वि.ख. बाजना), बजरंगगढ़ (वि.ख. बाजना), बरेखड़ा (वि.ख. बाजना), कुण्डियापाड़ा (वि.ख. बाजना), गडीगमना (वि.ख. बाजना), तंबोलिया (वि.ख. बाजना) शामिल है। ये सभी विद्यालय भवनों हेतु 3 करोड़ 96 लाख 26हजार रुपए प्रति विद्यालय स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह 2 प्राथमिक विद्यालय भवन स्वीकृत किए गए जिनके लिए 28 लाख 86 हजार रुपये स्वीकृत हुए। वही 82 आंगनवाड़ी भवनों के लिए 11 लाख 22 हजार प्रति आंगनवाड़ी भवन स्वीकृत किए गए।
इस स्वीकृति हेतु सांसद श्रीमती अनिता चौहान सहित कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री विपुलव जैन सहित समस्त स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्रीगण का आभार व्यक्त किया।





































