रचनाकार की बेचैनी उसे लिखने के लिए प्रेरित करती है- प्रो. चौहान
सवांददाता
जनवादी लेखक संघ द्वारा एक रचनाकार का रचना संसार श्रृंखला की 12वीं कड़ी में दिवंगत रचनाकार मदन वर्मा को समर्पित आयोजन किया गया। वरिष्ठ कवि एवं अनुवादक प्रो. रतन चौहान ने कहा कि रचनाकार की बेचैनी ही उसे निरंतर सृजन के लिए प्रेरित करती है। मदन वर्मा ने अपने जीवन में इसी प्रेरणा को जीवित रखा और समाज को सकारात्मक संदेश देने वाली रचनाएँ प्रस्तुत कीं।
वरिष्ठ रंगकर्मी ओमप्रकाश मिश्र और कैलाश व्यास ने उनके जीवन और सृजनशीलता से जुड़े प्रसंग साझा किए। संघ अध्यक्ष युसूफ जावेदी ने उनके हास्यबोध और मिलनसारिता का उल्लेख किया। आयोजन में अनेक साहित्यकारों ने मदन वर्मा की रचनाओं का पाठ किया।
कार्यक्रम का संचालन आशीष दशोत्तर ने किया तथा आभार रणजीत सिंह राठौर ने व्यक्त किया।आगामी कार्यक्रम
महिला संगोष्ठी: 26 अप्रैल, प्रातः 11 बजे, भगत सिंह पुस्तकालय, शहर सराय, रतलाम
श्रृंखला की 13वीं कड़ी: 10 मई को दिवंगत कवि ललिता शंकर सुरोलिया की रचनाओं पर पाठ एवं चर्चा
जनवादी लेखक संघ ने सुधिजनों से इन आयोजनों में उपस्थिति का आग्रह किया है।























