- |
- देश |
वेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन ने पीसीएमडी को सौंपा 11 सूत्रीय ज्ञापन, चिकित्सा सुविधाओं में सुधार की उठाई मांग
रतलाम। मुंबई चर्चगेट से रतलाम मंडल के प्रवास पर आईं प्रिंसिपल चीफ मेडिकल डायरेक्टर (PCMD) डॉ. ज्योत्सना चोपड़ा का वेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन (WREU) रतलाम मंडल द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मंडल मंत्री मनोहर सिंह बारठ एवं राजेश बेन की विशेष उपस्थिति में मंडल चिकित्सालय और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से मंडल मंत्री मनोहर सिंह बारठ ने बताया कि रतलाम मंडल रेल चिकित्सालय पर वर्तमान में लगभग 14,000 रेल कर्मचारियों-अधिकारियों और उनके परिजनों तथा लगभग 17,000 सेवानिवृत्त पेंशनर्स व उनके आश्रितों के इलाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने अस्पताल में संरचनात्मक ढांचे व सुविधाओं में विस्तार करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को नियमित करने की मांग रखी।
ज्ञापन में प्रमुखता से उठाई गईं मांगें:
विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी व रेफरल व्यवस्था: मंडल अस्पताल और डिस्पेंसरियों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को बाहर रेफर करना पड़ता है। रेफरल प्रक्रिया की जटिलता को तत्काल दूर करने की मांग की गई।
उज्जैन व सीहोर में सुविधाएं: उज्जैन में सब-डिविजनल अस्पताल की स्थापना तथा अवधूत चिकित्सा प्रशिक्षण में आ रही समस्याओं के निराकरण और सीहोर रेलवे स्टेशन पर नई हेल्थ यूनिट बनाने की बात रखी गई।
कर्मचारियों का पदोन्नति/समायोजन: अस्पतालों और हेल्थ यूनिटों में कार्यरत जनरल सहायकों को पद पर ही 'हॉस्पिटल सहायक' बनाने की मांग की गई।
गंभीर मरीजों के लिए मुंबई में प्राथमिकता: रतलाम मंडल से कैंसर व अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित रेल कर्मचारियों, पेंशनर्स व आश्रितों को मुंबई के जगजीवन राम अस्पताल में उपचार एवं आवास हेतु प्राथमिकता देने तथा सुबह इमरजेंसी में देखकर तुरंत भर्ती करने का अनुरोध किया गया।
डॉ. ज्योत्सना चोपड़ा ने यूनियन के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र ही नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर यूनियन के मंडल कार्यालय शाखा सचिव अशोक तिवारी, यातायात शाखा सचिव हेमंत मिश्रा, यांत्रिक शाखा अध्यक्ष महेंद्र राठौर, पूर्व जेसी बैंक डायरेक्टर वाजिद खान, मेडिकल शाखा उपाध्यक्ष राहुल गुर्जर, मनोज चावरे, अमित घोसर, विजय तरवाड़ी, सामान्य शाखा सचिव संजय शुक्ला सहित यूनियन के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित थे।











