- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
रतलाम मंडल में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित समिति कक्ष में कर्तव्य फाउंडेशन, रतलाम द्वारा मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री कुंजीलाल मीणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराना और तनावपूर्ण जीवनशैली में मानसिक संतुलन बनाए रखने के उपायों पर प्रकाश डालना था।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता, काउंसलिंग साइकोलॉजिस्ट एवं साइकोथेरेपिस्ट श्रीमती निहारिका गादिया बंबोरी ने मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तनाव व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, कार्यक्षमता तथा पारिवारिक जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने तनाव के कारणों, प्रारंभिक लक्षणों और उसे नियंत्रित करने के प्रभावी उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
श्रीमती बंबोरी ने नियमित व्यायाम, योग एवं ध्यान, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार, सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और परिवार व सहकर्मियों के साथ संवाद बनाए रखने को तनाव कम करने के कारगर उपाय बताया। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और समय रहते उचित देखभाल एवं परामर्श से कई समस्याओं से बचा जा सकता है।
अपने संबोधन में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री कुंजीलाल मीणा ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों की कार्यक्षमता और गुणवत्तापूर्ण सेवा के लिए उनका मानसिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि तनावमुक्त और सकारात्मक कार्य वातावरण कर्मचारियों के व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन दोनों के लिए लाभकारी होता है।
कार्यक्रम का आयोजन मंडल कार्मिक अधिकारी (इंचार्ज) श्री सोमनाथ गायकवाड़ के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान मंडल के सभी शाखा अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने विशेषज्ञ वक्ता से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे और उपयोगी सुझाव प्राप्त किए। अंत में कर्तव्य फाउंडेशन ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति निरंतर जागरूक रहने का संदेश दिया।
















