असामाजिक तत्वों पर हो सख्त कार्रवाई, माहौल बिगाड़ने वालों पर दर्ज करें एफआईआर: कलेक्टर अजय कटेसरिया
रतलाम। आगामी अनंत चतुर्दशी और अन्य त्योहारों के दौरान जिले में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर अजय कटेसरिया और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में उपद्रवियों और आदतन अपराधियों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर एवं एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि कानून व्यवस्था से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान जारी मुख्य निर्देश निम्न हैं:
उपद्रवियों पर तत्काल मुकदमा: माहौल बिगाड़ने, बेवजह भीड़ जुटाने या शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
बॉन्ड ओवर और जिला बदर: गुंडा तत्वों को प्रभावी रूप से बॉन्ड ओवर कराया जाए। बॉन्ड ओवर का उल्लंघन करने वालों को जेल भेजा जाए तथा आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की जाए।
अवैध वसूली पर 'जीरो टॉलरेंस': किन्नरों या अन्य लोगों द्वारा जबरन वसूली की शिकायतों पर तुरंत मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधितों के दस्तावेजों की भी जांच होगी।
जमीन विवाद व अतिक्रमण: राजस्व और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से काम कर जमीन विवादों को सुलझाएं। कच्चे या पक्के, किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को हटाने में ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए गए।
त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था: जुलूस मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा रहेगी। सभी एसडीएम और एसडीओपी स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों व आयोजकों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करेंगे।
एट्रोसिटी एक्ट की समीक्षा: एट्रोसिटी एक्ट के मामलों में त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता बरतने को कहा गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, एडिशनल एसपी सहित जिले के समस्त एसडीएम, एसडीओपी व तहसीलदार मौजूद रहे।










