- |
- राज्य |
हिंदी पखवाड़ा: इंदौर रेलवे स्टेशन पर अधिकारियों के संदेशों का वाचन, राजभाषा के प्रयोग का लिया संकल्प
राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता फैलाने और शासकीय कार्यों में इसके उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंदौर रेलवे स्टेशन पर हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया गया। स्टेशन राजभाषा कार्यान्वयन समिति द्वारा 17 सितंबर को आयोजित इस कार्यक्रम में स्टेशन परिसर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पश्चिम रेलवे (चर्चगेट) के महाप्रबंधक तथा रतलाम मंडल रेल प्रबंधक द्वारा भेजे गए विशेष संदेशों का वाचन किया गया। समिति के अध्यक्ष द्वारा पढ़े गए इन संदेशों में रेलवे के दैनिक कामकाज में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक एवं प्रभावी प्रयोग पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान इंदौर रेलवे स्टेशन के सभी विभागों के पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर कर्मचारियों को दैनिक शासकीय कार्यों में हिंदी का सहजता से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित कर्मचारियों ने राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और रेल सेवा में हिंदी को बढ़ावा देने के लिए अपना पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।













