- |
- देश |
चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में यात्री गिरा, रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से बची जान
रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के दाहोद स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में एक बुजुर्ग यात्री गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त वहां मौजूद रेलवे कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्री को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार ने बताया कि घटना 02 सितंबर 2026 की है। रतलाम-दाहोद मेमू ट्रेन सुबह लगभग 11:23 बजे दाहोद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 02 पर पहुंची थी। दो मिनट के ठहराव के बाद जब ट्रेन (गाड़ी संख्या 69190 दाहोद-आनंद मेमू) रवाना हुई, तभी एक यात्री ने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया और संतुलन बिगड़ने से ट्रेन के नीचे गिर गया।
कर्मचारियों की तत्परता आई काम
घटना देखते ही ट्रेन के गार्ड ने तत्काल गाड़ी रोकी। वहीं प्लेटफॉर्म पर तैनात महिला कांस्टेबल अनिता, पॉइंट्समैन चंदू भाई, ऑन-ड्यूटी टीसी जितेश तथा जीआरपी स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर घायल को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला।
70 वर्षीय बुजुर्ग की हुई पहचान
घायल यात्री की पहचान रतलाम जिले के ग्राम बिरमावल निवासी 70 वर्षीय दयाराम पाटीदार के रूप में हुई है। उनके पुत्र जगदीश पाटीदार ने बताया कि वे रतलाम से दाहोद की यात्रा कर रहे थे। हादसे में बुजुर्ग के दाहिने हाथ में गंभीर घाव आया है। स्टेशन मास्टर ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और घायल को उपचार के लिए जाइडस अस्पताल, दाहोद भेजा।
रेलवे प्रशासन की अपील
रेलवे प्रशासन ने सभी यात्रियों से सख्त अपील की है कि वे कभी भी चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। यह जानलेवा साबित हो सकता है। यात्री ट्रेन के पूरी तरह रुकने पर ही सुरक्षित तरीके से चढ़ें या उतरें।#rtmnewstoday #rtm #news #ratlam #ratlamnews #ratlamlocalnews













