सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण – भविष्य निर्माण की नई दिशा
रतलाम, 25 जुलाई 2026 – जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य विभाग, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने ग्राम बिरमावल में लगभग 68 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो अत्याधुनिक सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण किया। इनमें बिरमावल में 34.65 करोड़ रुपये तथा रावटी में 33.48 करोड़ रुपये की लागत से विद्यालय बनाए गए हैं।
लोकार्पण के बाद दोनों मंत्रियों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर विद्यार्थियों की प्रदर्शनी देखी और उनकी प्रतिभा की सराहना की। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप स्कूटी एवं लैपटॉप प्रदान किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. शाह ने कहा कि “सांदीपनि विद्यालय किसी मंदिर से कम नहीं, यहां से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नई जीवनधारा प्रारंभ होगी।” उन्होंने इसे मां सरस्वती के मंदिर की संज्ञा देते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालयों में शिक्षा प्राप्त करना वर्तमान पीढ़ी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा – “सोच बदलो, सितारे बदल जाएंगे।” साथ ही बिरमावल विद्यालय तक पहुंचने वाले मार्ग का डामरीकरण करने की घोषणा भी की।
मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय “भविष्य गढ़ने वाला अनूठा प्रकल्प” है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के सांदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण करने का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी भावना को आत्मसात कर राज्य सरकार ने आधुनिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और श्रेष्ठ शिक्षकों की व्यवस्था के साथ इन विद्यालयों का निर्माण किया है।
रतलाम ग्रामीण विधायक श्री मथुरालाल डामोर ने शिक्षा व्यवस्था में हुए व्यापक परिवर्तनों का उल्लेख करते हुए बिरमावल क्षेत्र में कॉलेज की स्थापना की मांग रखी। जिला योजना समिति सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि यह भव्य विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला साबित होगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लालाबाई चंद्रवंशी, पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।


















