सांदीपनि विद्यालय पिपलौदा प्रदेश के सात चयनित विद्यालयों में शामिल
रतलाम, 29 जुलाई 2026 – सांदीपनि विद्यालय पिपलौदा में गुरु पूर्णिमा महोत्सव पखवाड़े का समापन समारोहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में 75% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों को विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय के आतिथ्य में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन एवं वंदना से हुई। विद्यालय में स्थापित नए वाटर कूलर का शुभारंभ भी विधायक एवं अतिथियों ने किया। प्राचार्य संजय कुमार शर्मा ने बताया कि गत वर्ष कक्षा 12वीं का शत-प्रतिशत परिणाम रहा और सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इसी उपलब्धि के कारण विद्यालय प्रदेश के सात चयनित विद्यालयों में स्थान प्राप्त कर सका।
समारोह में कक्षा 10वीं के 18 और 12वीं के 19 विद्यार्थियों को उनके पालकों सहित सम्मानित किया गया। महोत्सव के दौरान 13 दिनों तक नवाचार परिचय, भाषण, निबंध, संस्कृत श्लोक पाठ, पर्यावरण व स्वच्छता जागरूकता, नशा मुक्ति संकल्प, योग-ध्यान, स्वास्थ्य जागरूकता, करियर मार्गदर्शन तथा गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विधायक डॉ. पाण्डेय ने कहा कि विद्यालय की सफलता छात्रों के अनुशासन, शिक्षकों के समर्पण और योजनाबद्ध प्रयासों का परिणाम है। लगातार दूसरे वर्ष उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि यहां शिक्षा का स्तर उच्चतम है।
कार्यक्रम में नगर मंडल अध्यक्ष प्रवीणसिंह राठौर, युवा मोर्चा अध्यक्ष प्रफुल्ल जैन, जिला सलाहकार समिति सदस्य मुकेश मोगरा, एल्डरमेन प्रकाश जायसवाल तथा मंडल महामंत्री भंवरगिरि गोस्वामी ने भी शिक्षा क्षेत्र में पिपलौदा की उपलब्धियों की सराहना की। संचालन श्री संजय भट्ट ने किया और आभार प्राचार्य श्री संजय कुमार शर्मा ने व्यक्त किया।















