रतलाम मंडल के कर्मचारी को मिला महाप्रबंधक संरक्षा पुरस्कार
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री रामाश्रय पाण्डेय ने
मुंबई स्थित पश्चिम रेलवे मुख्यालय में आयोजित समारोह में मई 2026 के लिए
"मैन ऑफ द मंथ" संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए। यह सम्मान उन कर्मचारियों
को उनकी असाधारण सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के लिए दिया गया,
जिनकी सजगता से संभावित दुर्घटनाओं को टालने तथा सुरक्षित रेल परिचालन
सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रतलाम मंडल के कर्मचारी श्री अमित,
ब्लैक स्मिथ-III ने दिनांक 16 मई 2026 को उज्जैन–संत हिरदाराम नगर खंड
में कि.मी. 2/14-16 पर बाउंड्री पोस्ट की पेंटिंग के दौरान बाउंड्री
पोस्ट से लगभग तीन मीटर की दूरी पर छह डिब्बों में रखा संदिग्ध विस्फोटक
पदार्थ देखा। उन्होंने बिना विलंब किए इसकी सूचना अपने अधिकारियों को दी,
जिसके बाद सुरक्षा टीम तत्काल मौके पर पहुँची और विस्फोटक सामग्री को
सुरक्षित रूप से जब्त कर आवश्यक जांच एवं अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की।
श्री अमित की सजगता, त्वरित सूझबूझ एवं कर्तव्यनिष्ठा के कारण एक संभावित
गंभीर घटना को समय रहते टाला जा सका। ड्यूटी के प्रति उनकी सतर्कता एवं
समय पर दी गई सूचना ने रेल संरक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने में
महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इस उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए
उन्हें महाप्रबंधक के "मैन ऑफ द मंथ" संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया
गया।



















