मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन पर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जावरा में संगोष्ठी आयोजित
भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जावरा तथा जय कैला माता शैक्षणिक एवं सामाजिक कल्याण समिति, रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए "मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं सकारात्मक जीवनशैली" विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। अपने उद्बोधन में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विद्या तिवारी ने वर्तमान दौर में संगोष्ठी की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए समाज में बढ़ती संवेदनहीनता पर चिंता व्यक्त की।
मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. मंजुला अलांसे ने प्रकोष्ठ की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों को भयमुक्त और सौहार्दपूर्ण वातावरण प्रदान किया जाता है, जिससे वे अपनी समस्याएं खुलकर साझा कर सकें। आवश्यकता पड़ने पर प्राध्यापक अभिभावकों से संवाद कर समस्याओं का समाधान करते हैं।
विषय विशेषज्ञों के विचार:
डॉ. प्रहलाद पाटीदार (मनोचिकित्सक, रतलाम): उन्होंने भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय टेली-मानसिक स्वास्थ्य सेवा ‘टेली-मानस’ की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. प्रमोद कुमार भगत (पीजीआई, चंडीगढ़): उन्होंने आत्म-नियंत्रण को उत्तम मानसिक स्वास्थ्य की कुंजी बताते हुए विद्यार्थियों को नकारात्मक विचारों से दूर रहने की सलाह दी।
श्रीमती मानसी मिश्रा (काउंसलर): उन्होंने संवाद के माध्यम से बताया कि नियमित ध्यान और योग विद्यार्थियों के शारीरिक व मानसिक विकास के प्रमुख साधन हैं। इससे एकाग्रता, स्मरण शक्ति और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
पं. विजय हेमकांत शर्मा (पैरा लीगल वालंटियर): उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर बड़ी समस्या का समाधान संभव है। उन्होंने सभी छात्रों को जीवन में हमेशा आशावान रहने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम में डॉ. जगदीश चंद्र बैरागी, डॉ. प्रकाश परमार एवं श्री अहमद अली खान का विशेष सहयोग रहा। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. भावना भट्ट ने किया तथा अंत में डॉ. आभा सक्सेना द्वारा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया। #rtmnewstoday #rtm #news #ratlam #ratlamnews #ratlamlocalnews











