उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया एवं पश्चिम रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक तरुण जैन ने किया उज्जैन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण
रतलाम, 23 सितंबर 2026। आगामी सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन
रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं भीड़ प्रबंधन से संबंधित
व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से उज्जैन सांसद श्री अनिल
फिरोजिया एवं पश्चिम रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री तरुण
जैन ने उज्जैन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन
पर किए जा रहे विभिन्न विकास एवं यात्री सुविधा संबंधी कार्यों का जायजा
लिया तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की प्रगति की
समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने
के निर्देश दिए।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक श्री तरुण
जैन ने निरीक्षण के दौरान रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण द्वारा
सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए विकसित किए जा रहे क्राउड होल्डिंग
एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के
सुचारू आवागमन तथा भीड़ के प्रभावी प्रबंधन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं
की जानकारी ली।
श्री तरुण जैन ने प्लेटफॉर्म क्रमांक 01 से 08 तक की साफ-सफाई व्यवस्था
का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के दोनों ओर स्थित सर्कुलेटिंग
एरिया में स्वच्छता व्यवस्था के साथ-साथ यात्रियों के सुगम आवागमन,
वेटिंग रूम, यात्री बैठने की व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य यात्री सुविधाओं
की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान फूड स्टॉल, यात्री सुविधाओं, वेटिंग रूम एवं फुट ओवर
ब्रिज का भी निरीक्षण किया गया। श्री जैन ने यात्रियों को उपलब्ध कराई जा
रही सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी लेते हुए स्टेशन पर स्वच्छता, बेहतर
यात्री सुविधाओं तथा सुचारू सेवा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने
पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती हीना वी.
केवलरामानी सहित वाणिज्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित
रहे।
सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं
यात्रियों के आगमन को देखते हुए रेलवे द्वारा स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन,
यात्री सुविधाओं, स्वच्छता एवं सुचारू यात्री आवागमन से संबंधित
व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संबंधित
अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं
को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सभी आवश्यक कार्यों को समयबद्ध रूप से
पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।










