धौलावड़ डेम से सिंचाई के लिए जल नहीं दिया जाए, पेयजल के लिए सुरक्षित रखें : कलेक्टर श्री कटेसरिया
रतलाम। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धौलावड़ डेम से इस बार सिंचाई के लिए पानी जारी नहीं किया जाएगा। वर्तमान में डेम केवल 45 प्रतिशत ही भरा है, जिसे आगामी समय में शहरवासियों के लिए पेयजल हेतु सुरक्षित रखना अत्यंत आवश्यक है।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में मानसून की बारिश का दौर अब समाप्त हो चुका है। ऐसे में धौलावड़ डेम से गेहूं जैसी अधिक पानी की खपत वाली फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं कराया जा सकेगा। उन्होंने कृषि, उद्यानिकी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे डेम के आसपास के किसानों को चना अथवा कम पानी में पकने वाली अन्य वैकल्पिक फसलें बोने के लिए जागरूक व प्रेरित करें।
पानी चोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति डेम से अवैध रूप से पानी चोरी करता है या जबरन पाइप डालता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए। डेम क्षेत्र में अवैध पंप या सिंचाई उपकरण मिलने पर उन्हें तत्काल ज़ब्त कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध पुलिस व कानूनी प्रकरण दर्ज किया जाए। इस संबंध में नगर निगम को भी आवश्यक निगरानी व कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
राशन वितरण की स्थिति
समीक्षा बैठक के दौरान जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की भी समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि जिले में अब तक 94.35 प्रतिशत राशन वितरण पूरा हो चुका है। वहीं, जिन 10 दुकानों पर सबसे कम राशन वितरण हुआ है, वहां व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए गए हैं।कलेक्टर श्री कटेसरिया ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए बाजना में मेटरनिटी वार्ड को शीघ्र प्रारंभ करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।










