- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद का दो दिवसीय आयोजन संपन्न: 68 प्रतिभावान छात्र और विशिष्ट हस्तियां सम्मानित, 'नागर वैभव' पत्रिका का विमोचन
रतलाम। मध्यप्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद के तत्वाधान में सागोद रोड स्थित देवश्री गार्डन में दो दिवसीय भव्य सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामाजिक एकजुटता, युवाओं के मार्गदर्शन और वैवाहिक संबंधों को सुगम बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतिभा सम्मान समारोह और अखिल भारतीय स्मारिका 'नागर वैभव' का विमोचन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा भगवान हाटकेश्वर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण एवं मंगलाचरण के साथ हुई। समारोह में नर्सरी से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक के 68 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समाज की सेवानिवृत्त और विशिष्ट प्रतिभाओं सहित 5 नवागंतुक सदस्यों का भी बहुमान किया गया।
इस अवसर पर 120 पृष्ठों की रंगीन अखिल भारतीय स्मारिका 'नागर वैभव' का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया। संपादक ओम त्रिवेदी ने बताया कि इस पत्रिका में 300 से अधिक युवक-युवतियों का सचित्र बायोडाटा संकलित किया गया है, जो वैवाहिक संबंध तय करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। स्मारिका का सह-संपादन मनीष रावल एवं आशीष नागर ने किया है।
संस्कार और शिक्षा पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उज्जैन के डॉ. अरुण व्यास ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारों का होना अनिवार्य है और बच्चों को संस्कारवान बनाने में मातृशक्ति की मुख्य भूमिका होती है। विशेष अतिथि शिक्षाविद् सुश्री श्वेता नागर ने कहा कि असफलता ही सफलता की जननी है, इसे ध्यान में रखकर आगे बढ़ना चाहिए। वहीं समाजसेवी महादेव प्रसाद नागर ने सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
परिषद के अध्यक्ष पं. जितेंद्र नागर ने स्वागत भाषण प्रस्तुत कर दो दिवसीय गतिविधियों का ब्यौरा दिया। कार्यक्रम का संचालन विवेक नागर ने किया तथा आभार संदीप जोशी ने व्यक्त किया। मंच पर हाटकेश्वर न्यास अध्यक्ष संजय दवे और महिला परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी रावल भी उपस्थित रहीं। समारोह का समापन संगीतमय भजन संध्या के साथ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भजनों की धुनों पर आनंद लिया।










