- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
नारकोटिक्स एवं अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट श्री संजय शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों के नए हॉटस्पॉट चिन्हित कर उन स्थानों पर लगातार निगरानी एवं कार्रवाई सुनिश्चित करें। बसों की नियमित चेकिंग करने के साथ ही वाहनों के टायर एवं अन्य संदिग्ध स्थानों की भी जांच की जाए।
आबकारी विभाग को नकली एवं अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए। ढाबों की नियमित जांच करने तथा वहां होने वाले आवागमन एवं डायवर्सन की भी प्रभावी तरीके से जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में आरटीओ विभाग को चेक पॉइंट पर वाहनों की नियमित एवं प्रभावी जांच करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूल एवं कॉलेजों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा उपलब्धता नहीं होने देने के लिए विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि नशीले पदार्थों की रोकथाम से संबंधित प्राप्त प्रतिवेदन का परीक्षण कर आवश्यक सुझाव एवं कार्रवाई सुनिश्चित करें। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करें।











