जिला स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता में रतलाम जिले के 32 मेधावी विद्यार्थियों को कलेक्टर द्वारा सम्मानित किया गया।
सवांददाता
कक्षा 2 से 8 तक के प्रत्येक विषय में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले कुल 32 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान समारोह कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित हुआ। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को भी सम्मानित किया। बच्चों को प्रमाण पत्र, शील्ड, स्कूल बैग, ट्रैक सूट, पानी की बोतल, टिफिन, कैप और ज्योमेट्री बॉक्स उपहार स्वरूप प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत में सहायक परियोजना समन्वयक श्री विवेक नागर ने राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार दो चरणों में आयोजित ओलंपियाड प्रतियोगिता और चयन प्रक्रिया की जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी। राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त छात्रा हिरल पवार ने भी अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर सहायक संचालक श्री राहुल मण्डलोई, जिला परियोजना समन्वयक श्री राजेश कुमार झा, श्री मुकेश राठौर तथा विकासखण्ड के अकादमिक समन्वयक एवं जनशिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री विवेक नागर ने किया।



















