- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया
जिले में दस्तक अभियान का आयोजन 14 जुलाई से 31 अगस्त तक किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने बाल चिकित्सालय स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में भर्ती कुपोषित बच्चों की स्थिति जानी और निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता मैदानी क्षेत्रों में भ्रमण कर कुपोषित बच्चों की पहचान करें तथा उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि डिस्चार्ज होने के बाद भी बच्चों का निरंतर फॉलोअप किया जाए।
कलेक्टर ने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए बच्चों के टीकाकरण की स्थिति और टीकाकरण कार्ड का भी संज्ञान लिया।
ग्लोबल व्हील फाउंडेशन द्वारा प्रशिक्षित आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एएनएम को माताओं को पोषण आहार संबंधी परामर्श देने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय के आधार पर पोषण ट्रैकर एप पर आवश्यक प्रविष्टियाँ करने के लिए कहा गया।
निरीक्षण के समय सिविल सर्जन डॉ. ए. पी. सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री सुभाष जैन, बाल चिकित्सालय प्रभारी डॉ. आर. सी. डामोर, सहायक अस्पताल प्रबंधक डॉ. शिवम श्रीवास्तव, परियोजना अधिकारी श्रीमती चेतना गहलोत, सुपरवाइजर श्रीमती हेमलता, जिला मीडिया अधिकारी श्रीमती सरला वर्मा तथा आशीष चौरसिया उपस्थित रहे।

























