सिविल अस्पताल जावरा में रोगी कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न
जावरा। सिविल अस्पताल जावरा में रोगी कल्याण समिति की बैठक विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक से पूर्व उन्होंने एसडीएम श्रीमती रचना शर्मा और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा के साथ अस्पताल एवं नवीन मातृत्व विंग का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान डायलिसिस यूनिट, ब्लड स्टोरेज सेंटर, फिजियोथैरेपी, ऑपरेशन थियेटर, एनआरसी, एनबीएसयू, ओपीडी, जन्म-मृत्यु कार्यालय और पोस्टमार्टम कक्ष का भी निरीक्षण किया गया।
बैठक में प्रभारी डॉ. दीपक पालड़िया ने पिछली बैठक का पालन प्रतिवेदन और आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। विभिन्न एजेंडों पर चर्चा करते हुए नवीन पोस्टमार्टम भवन का प्रस्ताव भोपाल भेजने, शव पेटियों की मरम्मत एवं शेड निर्माण, अस्पताल परिसर में बिजली के पोल और एलईडी लाइट लगाने, अस्पताल एवं मातृत्व विंग के नामकरण व प्रतिमा स्थापना हेतु वरिष्ठ कार्यालय से पत्राचार करने तथा परिधीय क्षेत्रों के चिकित्सकों की ड्यूटी सिविल अस्पताल में लगाने पर सहमति बनी।
इसके अलावा वाहन स्टैंड और कैंटीन के टेंडर स्थानीय स्तर पर जारी करने, विधायक निधि से पार्किंग एरिया में शेड निर्माण, सीएसआर फंड से अस्पताल की छतों की वाटरप्रूफिंग, पुराने महिला अस्पताल के बाहरी कक्षों को दुकानों में परिवर्तित करने, सांसद निधि से कार्डियक एम्बुलेंस उपलब्ध कराने, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, भूमि सीमांकन, एक्स-रे मशीन सुधार हेतु पत्राचार और बीपीएचयू यूनिट को पुरानी मैटरनिटी में शुरू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौधरी, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि यूसुफ कड़पा, समाजसेवी अशोक आंटिया, सीबीएमओ डॉ. शंकरलाल खराड़ी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।





















