अनाधिकृत कट एक माह में बंद किए जाएं, सड़क सुरक्षा के सभी हॉटस्पॉट पर संयुक्त दल करे भ्रमण
रतलाम, 30 जुलाई। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कार्यालय सभागार में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, लोक निर्माण विभाग के श्री महेंद्र चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सभी विभागों को समन्वित और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लेबड़–जावरा एवं जावरा–नयागांव फोरलेन मार्ग पर झाड़ियों और नालियों की तत्काल सफाई कराने तथा एमपीआरडीसी को पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही खराब स्पीड ब्रेकरों को शीघ्र सुधारने के निर्देश भी दिए।
निर्देश दिए गए कि जिले के सभी अनाधिकृत कटों की सूची तैयार कर एक माह के भीतर उन्हें बंद किया जाए। जिला परिवहन अधिकारी को स्कूल बसों की नियमित जांच, अवैध बस स्टॉप पर कार्रवाई तथा ओवर स्पीड वाहनों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के लिए कहा गया।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु नए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर उनका सुधार करने, रेड स्पॉट एवं प्रधानमंत्री राहत योजना की समीक्षा करने तथा सभी हॉटस्पॉट पर पुलिस, परिवहन और संबंधित विभागों के संयुक्त दल द्वारा नियमित भ्रमण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि 108 एंबुलेंस सेवा का एक प्रतिनिधि पुलिस कंट्रोल रूम में उपलब्ध रहेगा, जिससे दुर्घटनाओं की सूचना का त्वरित आदान-प्रदान हो सके और घायलों को शीघ्र उपचार मिल सके।
पुलिस अधीक्षक ने मेडिकल कॉलेज के बाहर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों को मिलकर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।




















