जनसुनवाई में 108 आवेदनों की सुनवाई की
कलेक्टर कार्यालय रतलाम में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत ने आमजन की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 108 आवेदन प्राप्त हुए।
सीईओ सुश्री जैन एवं अपर कलेक्टर श्री रावत ने निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से समाधान कराया। शेष आवेदनों के त्वरित एवं समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया।
जनसुनवाई में बोदिना निवासी कविता परिहार ने पिता की मृत्यु पश्चात अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होने बताया कि पूर्व में भी आवेदन दिया था, परंतु आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है। मामले में जांच कर आवश्यक कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया।
चतरूलाल निवासी ईश्वर नगर ने बताया कि वह फर्नीचर बनाने का कार्य करता है, प्रतिप्रार्थी ठेकेदार द्वारा आवेदक से फर्नीचर बनाने का कार्य करवाया गया था जिसकी कुल मजदूरी 66 हजार रुपये बनती थी। ठेकेदार द्वारा अब तक 22 हजार रुपये का भूगतान किया गया, बकाया मजदूरी राशि मांगने पर ठेकेदार द्वारा आवेदक के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। बकाया राशि दिलवाने के संबंध में आवेदन दिया। मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए लेबर ऑफिसर को निर्देशित किया गया।
बीरमावल ग्रामीणजन ने गांव में अतिक्रमण के कारण बंद रास्ते को पुनः चालू करवाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। कार्रवाई के लिए एसडीएम रतलाम ग्रामीण को निर्देशित किया गया।

















