- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन ने जिला चिकित्सालय को भेंट की आवश्यक चिकित्सा सामग्री
रतलाम। जिला चिकित्सालय में मरीजों की सुविधाओं के विस्तार एवं आवश्यक संसाधनों की पूर्ति हेतु काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा उपयोगी चिकित्सा एवं राहत सामग्री भेंट की गई।
काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव एवं जिला रोगी कल्याण समिति के सदस्य गोविंद काकानी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. अखंड प्रताप सिंह द्वारा अस्पताल में तीन ब्लड प्रेशर (बीपी) इंस्ट्रूमेंट की आवश्यकता से अवगत कराया गया था। सूचना मिलते ही तत्काल फाउंडेशन के माध्यम से सामग्री जुटाने की पहल की गई।
पिता की स्मृति और हस्तनिर्मित सामग्री से मिला सहयोग
फाउंडेशन से जुड़े सदस्य एवं केमिस्ट दीपक डोशी ने अपने पूज्य पिताजी स्वर्गीय श्री सोहनलाल जी डोशी की पावन स्मृति में तीन नए बीपी इंस्ट्रूमेंट प्रदान किए। इसके साथ ही, काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की सदस्या श्रीमती सुनीता गोविंद काकानी द्वारा स्वयं हस्तनिर्मित 12 तकिए मय कवर सहित अस्पताल प्रशासन को सौंपे गए।
वरिष्ठ चिकित्सकों की मौजूदगी में सौंपी गई सामग्री
सामग्री हस्तांतरण का यह कार्य चिकित्सालय परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर केमिस्ट दीपक डोशी, दिनेश बारमेचा, डॉ. रजत दुबे, डॉ. अभिषेक अरोड़ा एवं अस्पताल प्रबंधक डॉ. शिवम श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन ने काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन और डोशी परिवार के इस जनहितैषी प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा आभार व्यक्त किया। #rtmnewstoday #rtm #news #ratlam #ratlamnews #ratlamlocalnews










