- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
संत गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान व कलश रथ यात्रा का गुलाब चक्कर से हुआ भव्य शुभारंभ
रतलाम। संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में उनके जीवन दर्शन तथा समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथ यात्रा' का भव्य शुभारंभ गुलाब चक्कर से किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित रहे।
धार्मिक स्थल पर आरती के साथ हुआ यात्रा का समापन
गुलाब चक्कर से शुरू हुई यह कलश रथ यात्रा नगर निगम, महलवाड़ा, पैलेस रोड, डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घास बाजार और हरमाला रोड से होते हुए संत रविदास चौक पहुंची। यहां स्थित संत रविदास मंदिर में विशेष आरती के साथ यात्रा का समापन हुआ। पूरे यात्रा मार्ग के दौरान नागरिकों को संत रविदास महाराज के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेशों से अवगत कराया गया।
ईश्वर का वास हर व्यक्ति में: आचार्य विशोकानंद
शुभारंभ अवसर पर बीकानेर राजगुरु निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर विशोकानंद भारती महाराज ने कहा, "संत रविदास महाराज ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर समरसता का मार्ग दिखाया। हम सांसारिक कार्यों में व्यस्त रहकर ईश्वर को स्वयं से अलग समझ लेते हैं, जबकि ईश्वर का वास हम सभी के भीतर है।" उन्होंने सभी से अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करने और रतलाम के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।
जन-जन तक पहुंचेगा संत रविदास का संदेश
जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य प्रदीप उपाध्याय ने बताया कि यह कलश रथ यात्रा 20 अगस्त से 10 सितंबर तक जिले के विभिन्न विकासखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। यात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। वहीं, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष मनोहर पोरवाल ने कहा कि शासन द्वारा महापुरुषों के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है।
वरिष्ठ जन व अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में श्री देवस्वरूप महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लाला बाई शंभुलाल चंद्रवंशी, नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, कलेक्टर अजय कटेसरिया, जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सहित जयवंत कोठारी, रमेश मालवीय, प्रताप सिंह चौहान, शैलेंद्र डागा और बजरंग पुरोहित प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सफल संचालन आशीष दशोत्तर ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन देवेंद्र कोठारी द्वारा व्यक्त किया गया।










