- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
उल्लास’ पहल: जिला न्यायालय परिसर में बाल गृह के बच्चों द्वारा निर्मित राखियों की प्रदर्शनी का हुआ भव्य उद्घाटन
रतलाम। माननीय उच्च न्यायालय एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार ‘उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ योजना के अंतर्गत गुरुवार को जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर भवन में एक विशेष राखी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीना आशापुरे, द्वारा फीता काटकर किया गया।
बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास
इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य बाल संप्रेक्षण गृह, देवप्रकाश संस्थान बाल गृह एवं निवेदिता बालिका गृह, रतलाम में निवासरत बच्चों द्वारा स्वयं तैयार की गई आकर्षक एवं कलात्मक राखियों को मंच प्रदान करना था। आयोजन के माध्यम से इन बच्चों को रोजगारोन्मुखी अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल की गई।
जज और अधिकारियों ने राखियां खरीदकर बढ़ाया बच्चों का उत्साह
उद्घाटन के पश्चात दोपहर 02:30 बजे तक चली इस प्रदर्शनी में उपस्थित न्यायाधीशगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी, पुलिस विभाग व महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कोर्ट कर्मचारियों, पैनल व एलएडीसीएस अधिवक्ताओं तथा पैरालीगल वालेंटियर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने बच्चों द्वारा बनाई गई सुंदर राखियों और अन्य सामग्रियों की सराहना की तथा उनकी जमकर खरीदारी कर बच्चों का हौसला बढ़ाया।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीना आशापुरे ने कहा कि बच्चों द्वारा बनाई गई राखियां न केवल उनकी रचनात्मकता को दर्शाती हैं, बल्कि यह प्रयास उनके आत्मविश्वास को मजबूत कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अत्यंत सराहनीय कदम है।










