गीता मंदिर में 100वां एकादशी संकीर्तन संपन्न: सुमधुर भजनों पर झूमे श्रद्धालु, आकर्षक पुष्प सज्जा से महका परिसर
रतलाम: शहर के प्रसिद्ध गीता मंदिर में रविवार को आयोजित नियमित एकादशी संकीर्तन श्रृंखला ने अपने 100वें संकीर्तन के साथ एक विशेष मुकाम हासिल किया। दोपहर 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पूरा मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर नजर आया। ऐतिहासिक 100वें संकीर्तन को लेकर सुबह से ही भक्तों में खासा उत्साह देखा गया।
भजन गायक गोपाल कृष्ण शर्मा के गीतों पर थिरके भक्त
100वें एकादशी संकीर्तन के अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक पंडित गोपाल कृष्ण शर्मा ने भगवान श्रीकृष्ण के सुमधुर एवं भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने “तुमको हमारी सौगंध, तुमको मेरी दुहाई, रखना तुम्हारी कैद में, देना ना अब रिहाई” और “हम आ गए हैं दर पे, अब हश्र जो भी होवे...” जैसे प्रसिद्ध भक्ति गीत सुनाकर उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। भजनों की सुरमयी तानों पर महिला श्रद्धालुओं सहित उपस्थित भक्तों ने लीन होकर नृत्य किया।
पुष्पों से सजा मंदिर, चार वर्षों से जारी है संकीर्तन यात्रा
इस विशेष मुकाम के उपलक्ष्य में गीता मंदिर परिसर सहित भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन की प्रतिमाओं का अलौकिक एवं आकर्षक फूलों से श्रृंगार किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान वीरेंद्र वाफगांवकर ने संकीर्तन यात्रा के सफर पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एकादशी संकीर्तन का यह सिलसिला पिछले चार वर्षों से बिना किसी विघ्न के निरंतर जारी है। उन्होंने इस धार्मिक यात्रा के सफल 100वें पड़ाव तक पहुंचने पर सभी आयोजकों एवं श्रद्धालु जन को बधाई दी।
ठक्कर परिवार ने किया आयोजन, आरती के बाद बटा प्रसाद
इस 100वें संकीर्तन समारोह का आयोजन हरिश ठक्कर एवं ठक्कर परिवार (जयराम स्वीट्स) द्वारा किया गया। शाम 6:00 बजे महाआरती के साथ संकीर्तन का समापन हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।
समारोह में नीला ठक्कर, प्रतिमा ठक्कर, परिता ठक्कर, पूजा ठक्कर, सुमन सिंघल, ज्योति अग्रवाल, ललिता सोमानी, दीपक पुरोहित, संजय व्यास, डॉ. पी.के. पुरोहित, किरण व्यास, प्रेमलता दवे एवं गोवर्धन रेंडा सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
7 सितंबर को आयोजित होगा अगला संकीर्तन
आयोजक मंडल ने जानकारी दी कि एकादशी संकीर्तन की इस श्रृंखला का अगला आयोजन 7 सितंबर को किया जाएगा। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से आगामी आयोजन में भी अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।#rtmnewstoday #rtm #news #ratlam #ratlamnews #ratlamlocalnews










