- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
विश्व फिजियोथेरेपी दिवस: जिला चिकित्सालय में शिविर का आयोजन, 55 से अधिक मरीजों को मिला परामर्श व उपचार
रतलाम, 09 सितंबर 2026। विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय रतलाम में बुधवार को विशेष स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 55 से अधिक मरीजों ने फिजियोथेरेपी एवं चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया।
सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह ने बताया कि इस वर्ष विश्व फिजियोथेरेपी दिवस की थीम “हृदयाघात एवं मस्तिष्क आघात” रखी गई थी। शिविर का मुख्य उद्देश्य हृदयाघात (हार्ट अटैक) और मस्तिष्क आघात (स्ट्रोक) के बाद मरीजों के पुनर्वास, शारीरिक गतिशीलता में सुधार और फिजियोथेरेपी के महत्व के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिए। शिविर में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनेश भूरिया, एम.डी. मेडिसिन डॉ. जीवन चौहान, डॉ. मंजुल वाजपेयी, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सपना बोरीवाल एवं डॉ. गायत्री राठौर ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
विशेषज्ञों ने हार्ट अटैक व स्ट्रोक के बाद होने वाली शारीरिक कमजोरी, मांसपेशियों की समस्या, चलने-फिरने में कठिनाई और जोड़ों की जकड़न से राहत पाने के लिए फिजियोथेरेपी तकनीकों व व्यायाम की जानकारी दी। साथ ही मरीजों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक किया।
उपस्थित अतिथियों ने कहा कि आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं में फिजियोथेरेपी की महत्वपूर्ण भूमिका है। समय पर उचित फिजियोथेरेपी और पुनर्वास से मरीज तेजी से स्वस्थ होकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
इस अवसर पर आरडीए अध्यक्ष श्री मनोहरलाल पोरवाल, उपाध्यक्ष श्री गोविंद काकानी, रोगी कल्याण समिति सदस्य श्री हेमंत राहोरी, रेडक्रॉस उपाध्यक्ष श्री सुशील मूनत एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.एल. तापड़िया सहित जिला अस्पताल का स्वास्थ्य स्टाफ उपस्थित रहा।










