विकसित भारत @2047 थीम पर जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय की फाल्गुनी दुबे प्रथम
रतलाम। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम में 26 अक्टूबर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत @2047’ विषय पर केंद्रित इस प्रतियोगिता में रतलाम जिले के विभिन्न शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपने विचारों और उत्कृष्ट वक्तृत्व क्षमता का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वाय. के. मिश्रा ने की।
प्रतिभागियों ने सामाजिक व राष्ट्रीय मुद्दों पर रखे प्रभावी विचार
प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों ने विषय के सामाजिक, राष्ट्रीय एवं समसामयिक पहलुओं पर धाराप्रवाह एवं तर्कपूर्ण प्रस्तुति दी। निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनके तर्क, विषय-वस्तु की गहराई, भाषा-शैली और अभिव्यक्ति के आधार पर किया गया।
निर्णायक मंडल की भूमिका सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. पद्मजा भाबरा, डॉ. मनोहर जैन एवं वरिष्ठ पत्रकार सुश्री अदिति मिश्रा ने निभाई।
प्रतियोगिता के परिणाम:
प्रथम स्थान: फाल्गुनी दुबे (शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रतलाम)
द्वितीय स्थान: जेनिता अहिर (शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रतलाम)
तृतीय स्थान: यक्षिता भाटी (रॉयल कॉलेज, रतलाम)
विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों एवं महाविद्यालय परिवार द्वारा पुरस्कृत कर शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर आदर्श भेवंदीया ने किया, जबकि अंत में डॉ. अर्चना भट्ट ने अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में रचनात्मक अभिव्यक्ति, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र सेवा के संकल्प को प्रोत्साहित करना रहा।





