- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
महिला-बाल विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग की सेवाओं से ही संभव है सर्वांगीण विकास: कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप
रतलाम। अलकापुरी कम्युनिटी हॉल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘आंगन मिलन उत्सव’ का गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही कुपोषण मुक्त हुए बच्चों को सुपोषित आहार प्रदाय किया गया और लाडली बहनों का भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि चेतन्य काश्यप ने कहा, "महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा—ये तीनों विभाग सीधे जनकल्याण से जुड़े हैं और इनकी पहुंच जन-जन तक है। यदि इन तीनों विभागों की सेवाएं समाज को बेहतर रूप से मिलती रहेंगी, तो सभी का सर्वांगीण विकास निश्चित है।" उन्होंने आगे कहा कि यदि सक्षम नागरिकों को भी बाल पोषण के प्रति जागरूक किया जाए, तो क्षेत्र का कोई भी बच्चा कुपोषित नहीं रहेगा।
पोषण प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा मिलेट्स (श्रीअन्न) और अन्य संतुलित सामग्रियों से निर्मित पौष्टिक व्यंजनों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि ऐसे पौष्टिक भोज्य पदार्थों को दिनचर्या में शामिल करने से कुपोषण को जड़ से मिटाया जा सकता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
आयोजन में महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, कलेक्टर अजय कटेसरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, जिला उपाध्यक्ष क्रांति जोशी, अनीता कटारिया, महामंत्री जयवंत कोठारी, पवन सोमानी, अनुज शर्मा, जुबिन जैन, संदीप यादव, मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, सोना शर्मा, नंदकिशोर पंवार, एमआईसी सदस्य भगत सिंह भदौरिया, पप्पू पुरोहित, पार्षद देवश्री पुरोहित, निशा सोमानी, शक्ति सिंह राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन दिव्या शर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विवेक शर्मा द्वारा व्यक्त किया गया।





