- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
*रतलाम मंडल में संविदा श्रमिकों के निरीक्षण एवं श्रम कानूनों के अनुपालन के लिए कल्याण निरीक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में संविदा श्रमिकों के हितों की सुरक्षा तथा श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज रतलाम मंडल के स्थापना विभाग के अंतर्गत डिविजनल लेबर मॉनिटरिंग सेल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के सभी कल्याण निरीक्षकों को पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से संविदा श्रमिकों के निरीक्षण, उनसे संवाद स्थापित करने तथा श्रम कानूनों के प्रावधानों के अनुपालन के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रशिक्षण के दौरान रेलवे बोर्ड एवं पश्चिम रेलवे मुख्यालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए संविदा श्रमिकों के वेतन भुगतान, निर्धारित कार्य अवधि, उपस्थिति रिकॉर्ड, नियुक्ति एवं पहचान पत्र, वेतन पर्ची तथा सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इसके साथ ही कार्यस्थल पर पेयजल, शौचालय एवं विश्राम जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा निरीक्षण के दौरान श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को जानने पर विशेष जोर दिया गया।
यह भी बताया गया कि निरीक्षण के दौरान पाई जाने वाली कमियों को संबंधित विभागों के संज्ञान में लाकर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि संविदा श्रमिकों को नियमानुसार उनके अधिकार एवं सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
इस अवसर पर सहायक कार्मिक अधिकारी श्री बगवंत बी. वाकोडे भी उपस्थित रहे।
बैठक में रतलाम मंडल के सभी कल्याण निरीक्षकों ने प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की, जबकि दाहोद, भावनगर, वडोदरा सहित अन्य मंडलों एवं विभिन्न वर्कशॉप के कल्याण निरीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संविदा श्रमिकों के अधिकारों एवं सुविधाओं की सुरक्षा, निरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता, श्रमिकों के साथ प्रभावी संवाद तथा रेलवे बोर्ड एवं मुख्यालय के दिशा-निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।














