- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
इनर व्हील क्लब रतलाम का 35वाँ शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न
रतलाम, 9 जुलाई। इनर व्हील क्लब रतलाम का 35वाँ शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह की विशिष्ट अतिथि डॉ. अर्चना शर्मा (ईएनटी विशेषज्ञ, रेलवे अस्पताल, रतलाम) रहीं।
निवर्तमान अध्यक्ष बबीता श्रीवास्तव ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष वंदना सोनी को कॉलर पहनाकर पदभार सौंपा। इसके बाद अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने अतिथि का अंगवस्त्र और पुष्पहार से स्वागत किया। अतिथियों का परिचय निर्मला त्रिवेदी और संगीता शिवानी ने कराया।
अपने प्रथम उद्बोधन में वंदना सोनी ने कहा कि क्लब का नया कार्यकाल “सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व” की भावना के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और समाज सुधार जैसे क्षेत्रों में व्यापक गतिविधियाँ संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।
डॉ. अर्चना शर्मा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि सेवा कार्यों के साथ-साथ संस्कार और मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि क्लब बच्चों और अभिभावकों के लिए मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक संवाद और सकारात्मक जीवन मूल्यों पर सेमिनार एवं काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करे।
समारोह में अध्यक्ष वंदना सोनी और सचिव साधना मूणत ने अतिथि को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर क्लब की बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिवानी भार्गव ने किया और अंत में साधना मूणत ने आभार व्यक्त किया।





















