- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
श्रवण एवं वाक् बाधितों के लिए रतलाम में आयोजित हुई ऐतिहासिक प्रदेशव्यापी कार्यशाला ‘अनुगूंज से उद्घोष’
30सितम्बर 2026, रतलाम। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के दिशा-निर्देशानुसार ‘साइन लैंग्वेज सप्ताह’ के विशेष अवसर पर श्रवण एवं वाक् बाधित व्यक्तियों के विधिक अधिकारों, जनकल्याणकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रदेशव्यापी कार्यशाला ‘‘अनुगूंज से उद्घोष’’ का सफल आयोजन किया गया। यह गरिमामय कार्यक्रम जिला न्यायालय परिसर रतलाम स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ए.डी.आर. सेंटर (ADR Center) में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष सुश्री नीना आशापुरे की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। ऑनलाइन माध्यम से राज्यभर में हुआ सीधा प्रसारणइस राज्यव्यापी कार्यशाला का शुभारंभ माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय के करकमलों द्वारा प्रातः 11:00 बजे किया गया। सायं 06:00 बजे तक चले इस मैराथन सत्र में प्रदेश के विभिन्न विशेषज्ञों एवं वक्ताओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। विशेष बात यह रही कि पूरे कार्यक्रम के दौरान सांकेतिक भाषा (Sign Language) विशेषज्ञों द्वारा हर वक्तव्य का सटीक अनुवाद किया गया, जिससे उपस्थित दिव्यांगजन सरलता से सभी जानकारियों को समझ सके। मध्य प्रदेश देश में बना मिसालश्रवण एवं वाक् बाधित (सुनने और बोलने में अक्षम) बच्चों व व्यक्तियों के लिए इस प्रकार का अभिनव एवं समावेशी आयोजन करने वाला मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किशोरों एवं युवाओं को सामाजिक, भावनात्मक, डिजिटल और शैक्षणिक चुनौतियों का सामना करने के लिए ज्ञान, कौशल, आत्मविश्वास तथा जागरूकता से सशक्त बनाना था। 50 से अधिक दिव्यांगजनों ने भाग लेकर साझा कीं अपनी समस्याएंरतलाम जिले से 50 से अधिक श्रवण एवं वाक् बाधित नागरिकों और बच्चों ने इस कार्यशाला में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम के दौरान सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रतलाम श्री नीरज पवैया ने उपस्थित व्यक्तियों के दैनिक जीवन में आने वाली व्यावहारिक व कानूनी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने सांकेतिक भाषा अनुवादक की सहायता से उनकी हर जिज्ञासा व समस्या का त्वरित व संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया। गरिमामयी उपस्थितिइस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी सुश्री पूनम तिवारी, अनुवादक सुश्री वर्षिता कुमार, शिक्षक श्री रामचंद्र गोखले व श्री सतीश तिवारी, एलएडीसी (LADC) अधिवक्तागण, पैरालीगल वॉलंटियर्स (PLVs) तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का समस्त स्टाफ व कर्मचारीगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।











