जिलें के 25 विद्यालय भवन जीर्ण-शीर्ण घोषित, जर्जर भवनों में अब नहीं होगा शैक्षणिक कार्य : कलेक्टर श्री कटेसरिया
रतलाम। जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने लोक निर्माण विभाग (PWD) की तकनीकी अनुशंसा और सर्वे रिपोर्ट के आधार पर जिले के 25 पुराने प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय भवनों को 'जीर्ण-शीर्ण' (जर्जर) घोषित कर दिया है।
प्रशासन द्वारा जारी सख्त आदेश के अनुसार, जीर्ण-शीर्ण घोषित किए गए इन भवनों में अब किसी भी प्रकार की शैक्षणिक या प्रशासनिक गतिविधियां संचालित नहीं की जाएंगी। बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की आशंका को खत्म किया जा सके।
तीन विकासखंडों के विद्यालय प्रभावित
कलेक्टर कार्यालय से जारी सूची के अनुसार, जर्जर घोषित किए गए भवन रतलाम जिले के तीन प्रमुख विकासखंडों—रतलाम, पिपलौदा और आलोट के अंतर्गत आते हैं:
रतलाम विकासखंड (19 भवन): प्राथमिक विद्यालय चिकलिया क्र.-1, ई.जी.एस. हरिजन बस्ती पंचेड़, प्रा.वि. कलोलीखुर्द, प्रा.वि. भटूनी, हाईस्कूल सेमलिया, प्रा.वि. सज्जनपाड़ा, मा.वि. धतुरिया, यू.ई.जी.एस. गुजरपाड़ा, प्रा.वि. कालूखेड़ी, प्रा.वि. सरवड़, प्रा.वि. कुड़ीपाड़ा, प्रा.वि. झरखेड़ी, प्रा.वि. लालगुवाड़ी, एकीकृत मा.वि. बोरवाना, प्रा.वि. जवाहर नगर, हाईस्कूल प्रीतमनगर, प्रा.वि. बीड़पाड़ा, शासकीय प्रा.वि. नई आबादी पंचेड़ तथा शासकीय प्रोन्नत प्रा.वि. चन्दोडिया के भवन शामिल हैं।
पिपलौदा विकासखंड (4 भवन): प्राथमिक विद्यालय हतनारा, प्रा.वि. पंचेवा, प्रा.वि. खेड़ावदा एवं प्रा.वि. छोटीनाल।
आलोट विकासखंड (2 भवन): प्राथमिक विद्यालय पिपलियापीथा एवं एकीकृत माध्यमिक विद्यालय बामनखेड़ी का भवन शामिल है।
सुरक्षा के कड़े निर्देश, वैकल्पिक व्यवस्था के आदेश
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) और संकुल प्राचार्यों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन असुरक्षित भवनों में तत्काल प्रभाव से पठन-पाठन का कार्य पूरी तरह रोक दिया जाए। जिन विद्यालयों के भवनों को जीर्ण-शीर्ण घोषित किया गया है, वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए निकटतम सुरक्षित भवनों या अन्य शासकीय परिसरों में वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए गए हैं।








