- |
- ताज़ा खबरें |
- रतलाम शहर |
जिला अस्पताल निर्माण की गहन निगरानी करे हाउसिंग बोर्ड: कलेक्टर श्री कटेसरिया
रतलाम। जिला अस्पताल परिसर में जारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हाउसिंग बोर्ड इन कार्यों की नियमित और गहन निगरानी सुनिश्चित करे। यह निर्देश कलेक्टर अजय कटेसरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक के दौरान दिए।
शासकीय भवनों में शिफ्ट होंगी किराए की आंगनवाड़ियाँ
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले में किराए के भवनों में संचालित हो रही आंगनवाड़ियों का तत्काल सर्वे कर सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि आसपास के क्षेत्रों में कोई शासकीय भवन रिक्त उपलब्ध है, तो आंगनवाड़ियों को वहाँ स्थानांतरित करने की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी की जाए।
बजाना में अस्पताल निर्माण तुरंत शुरू करने के निर्देश
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को बाजना में अस्पताल के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, जिले में राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर और पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।
कुपोषण की रोकथाम पर विशेष ध्यान
कुपोषण नियंत्रण को लेकर कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि बच्चों के पोषण के लिए केवल टेक होम राशन ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समय पर एल्बेंडाजोल की गोली देना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित स्वास्थ्य कैलेंडर के अनुसार बच्चों को पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ मिले।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, डीएफओ, नगर निगम आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।






